गुरुग्राम पुलिस ने एनएसजी के पूर्व कमांडो की हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया
गुरुग्राम पुलिस ने एनएसजी के पूर्व कमांडो की हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया
गुरुग्राम, पांच मई (भाषा) गुरुग्राम में पिछले हफ़्ते मानेसर के कासन गांव में एनएसजी के पूर्व कमांडो सुंदर उर्फ़ ‘फौजी’ की कथित तौर पर हत्या के करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कासन गांव निवासी गुलशन उर्फ़ गुल्लू उर्फ़ गणेश (20) और कार्तिक चौहान उर्फ़ छोटा रोहन (20) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने आरोपियों के कब्ज़े से अपराध में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौल बरामद की हैं। मुख्य आरोपी कार्तिक चौहान गुरुग्राम में एक जल आपूर्ति संयंत्र में काम करता है।
उन्होंने बताया कि कार्तिक ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए, अपने दोस्त के साथ मिलकर 55 वर्षीय सुंदर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गुरुग्राम पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘पूछताछ के दौरान कार्तिक ने बताया कि 2018 में उसके पिता बहादुर चौहान की सुंदर ने हत्या कर दी थी। 29 मार्च को सुंदर—जो इस हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सज़ा काट रहा था—अपनी भतीजी की शादी के लिए पैरोल पर अपने गांव आया था। बदला लेने की नीयत से कार्तिक और उसके दोस्त गुलशन ने सुंदर को गोली मार दी। हम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।’
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह घटना 30 अप्रैल को सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब सुंदर सुबह की सैर पर निकला था। मोटरसाइकिल पर सवार कार्तिक और उसके दोस्त का सुंदर से सामना हुआ जिसके बाद उन्होंने पिस्तौल से गोली मारकर हत्या कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि करीब पांच गोलियां चलाई गईं। बाद में मानेसर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश

Facebook


