गुरुग्राम: सेक्टर 93 में चोरों ने वाहनों के टायर चुराए, आक्रोशित लोगों ने पुलिस से सवाल किए
गुरुग्राम: सेक्टर 93 में चोरों ने वाहनों के टायर चुराए, आक्रोशित लोगों ने पुलिस से सवाल किए
गुरुग्राम, नौ मई (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर 93 के निवासी उस समय आक्रोशित हो गए जब चोरों ने इलाके में छह वाहनों से टायर और रिम चुरा लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, चोरी की घटना शुक्रवार रात को घटी और शनिवार सुबह जब वाहन मालिक उठे तो उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ियां बिना टायरों के ईंटों पर रखी हुई हैं।
चोरों ने जैक की मदद से गाड़ियों को उठाया और फिर सारे टायर और रिम निकाल लिए। इसके बाद वे गाड़ियों को ईंटों के सहारे छोड़कर मौके से फरार हो गए।
यह घटना सेक्टर 93 पुलिस थाने से महज 400 से 500 मीटर की दूरी पर घटी, जिससे पुलिस की सतर्कता पर सवाल उठने लगे हैं।
इलाके में बढ़ती चोरियों पर निवासियों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस गश्त और सुरक्षा उपायों की प्रभावशीलता पर सवाल उठाए हैं। वे रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल मामले की जांच कर रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि चोरों की पहचान और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए वे आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रहे हैं।
भाषा
राखी संतोष
संतोष

Facebook


