गुरुग्राम:साइबर धोखाधड़ी गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने की आरोपी महिला राजस्थान से गिरफ्तार

गुरुग्राम:साइबर धोखाधड़ी गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने की आरोपी महिला राजस्थान से गिरफ्तार

गुरुग्राम:साइबर धोखाधड़ी गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने की आरोपी महिला राजस्थान से गिरफ्तार
Modified Date: June 26, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: June 26, 2026 10:29 pm IST

गुरुग्राम, 26 जून (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में साइबर धोखाधड़ी में लिप्त एक गिरोह को बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में 33 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह पुराने सिक्के और दुर्लभ मुद्रा के नोट ऊंची कीमत पर खरीदने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था।

पुलिस ने बताया कि राजस्थान के अलवर की रहने वाली छोटी मीणा को तकनीकी जांच के आधार पर बृहस्पतिवार को राज्य के दौसा जिले से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह यूट्यूब और फेसबुक जैसे ऑनलाइन मंचों पर विज्ञापन देकर लोगों को पुराने सिक्के और दुर्लभ मुद्रा नोट ऊंची कीमत पर खरीदने का प्रलोभन देता था।

इसके बाद पीड़ितों को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), पंजीकरण शुल्क, आयकर और अन्य शुल्क के नाम पर रकम उनके खाते में जमा कराने के लिए कथित तौर पर बहलाया-फुसलाया जाता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने 10 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि ऐसे ही एक विज्ञापन में दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने उसके पुराने सिक्कों और दुर्लभ मुद्रा के नोटों की कीमत 75 लाख रुपये आंकी और फिर विभिन्न बहानों से उससे लाखों रुपये ठग लिए।

इस संबंध में साइबर अपराध थाना (पश्चिम) में प्राथमिकी दर्ज की गई।

सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर) गौरव फोगाट ने बताया कि आरोपी महिला ने 20 हजार रुपये के बदले साइबर ठगों के गिरोह को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था।

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान पता चला कि महिला की अन्य आरोपियों से फेसबुक के माध्यम से पहचान हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा

राखी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में