नैतिक अधिकार खो चुके हैं ज्ञानेश कुमार, इस्तीफा दें: कांग्रेस

नैतिक अधिकार खो चुके हैं ज्ञानेश कुमार, इस्तीफा दें: कांग्रेस

नैतिक अधिकार खो चुके हैं ज्ञानेश कुमार, इस्तीफा दें: कांग्रेस
Modified Date: April 22, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: April 22, 2026 10:31 pm IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘आतंकवादी’’ कहने के मामले में निर्वाचन आयोग द्वारा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस जारी किए जाने के बाद बुधवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा देना चाहिए क्योंकि वह पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार पूरी तरह खो चुके हैं।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि आयोग गृह मंत्रालय के अधीन एक कार्यालय के रूप में काम कर रहा है और इतिहास ज्ञानेश कुमार को एक ‘‘कायर’’ के तौर पर याद करेगा।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अब निर्वाचन आयोग को झूठ बोलते हुए और खुलेआम धोखाधड़ी करते हुए पकड़ा गया है। इसके लिए शर्मनाक एक हल्का शब्द होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सीईसी को इस्तीफा दे देना चाहिए। वह पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार पूरी तरह खो चुके हैं। इतिहास उन्हें एक ऐसे कायर के रूप में याद करेगा जिन्होंने लगातार अपने मालिक की राजनीतिक उपयोगिता की बलिवेदी पर भारतीय लोकतंत्र का बलिदान देना चुना।’’

इससे पहले, उन्होंने एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘यह बात कुछ समय से साफ़ है कि निर्वाचन आयोग प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इशारों पर नाच रहा है। लाखों वोट चोरी की साजिश रचने के बाद आज उसने फिर से यह सबूत दिया है कि वह गृह मंत्रालय के अधीन एक कार्यालय बनकर काम कर रहा है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि आयोग एक संवैधानिक संस्था है, लेकिन ‘‘उसका व्यवहार संविधान पर हमला है और एक शर्मनाक स्थिति है, जिसके लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त सबसे अधिक जिम्मेदार हैं।’’

भाषा हक माधव शफीक

शफीक


लेखक के बारे में