अगर कांग्रेस मजबूत होती तो 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में नहीं आती: ममता बनर्जी

अगर कांग्रेस मजबूत होती तो 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में नहीं आती: ममता बनर्जी

अगर कांग्रेस मजबूत होती तो 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में नहीं आती: ममता बनर्जी
Modified Date: April 2, 2026 / 08:07 pm IST
Published Date: April 2, 2026 8:07 pm IST

वैष्णव नगर, दो अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी मजबूत होती तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के लोकसभा चुनाव में सत्ता में नहीं आती।

उन्होंने कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ मालदा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए जोर देकर कहा कि बंगाल भविष्य में दिल्ली में भाजपा को चुनौती देने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

ममता ने दावा किया कि भाजपा राज्य को नीचा दिखाने की कोशिश में सफल नहीं होगी।

उन्होंने कहा, “अगर वे (कांग्रेस) मजबूत होतीं, तो भाजपा पिछले आम चुनाव में सत्ता में नहीं आती।”

राष्ट्रीय स्तर पर तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी विपक्षी इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं लेकिन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

ममता ने कांग्रेस पर पूरे साल चुप्पी साधने के बाद चुनाव में उम्मीदवार उतारने का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें तृणमूल कांग्रेस बनाने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि कांग्रेस ने माकपा के साथ मिलकर उन्हें असहनीय पीड़ा पहुंचाई।

ममता अपने शुरुआती राजनीतिक जीवन में कांग्रेस नेता और राजीव गांधी सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुकी हैं।

उन्होंने कहा, “अब माकपा, कांग्रेस और भाजपा सब एक साथ मिले हुए हैं। ”

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में