मोदी के दौरे से पहले हरियाणा में मुख्यमंत्री सैनी ने शुरू किया राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान
मोदी के दौरे से पहले हरियाणा में मुख्यमंत्री सैनी ने शुरू किया राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान
पंचकूला, 13 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित हरियाणा दौरे से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और लोगों से स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
सैनी ने पंचकूला के सेक्टर-20 बाजार के सामने झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की।
उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण को बढ़ावा देने के लिए कचरा भी एकत्र किया और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने के लिए पौधारोपण किया।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, आसपास के क्षेत्रों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के साथ-साथ कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विशेष स्वच्छता अभियान 13 जुलाई से 17 जुलाई तक पूरे हरियाणा में चलाया जाएगा, ताकि स्वच्छ भारत अभियान का संदेश हर घर तक पहुंचाया जा सके।
सैनी ने बताया कि राज्यभर में इस अभियान में मंत्री, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा दौरा राज्य के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने बताया कि दौरे में प्रधानमंत्री हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा शिलान्यास करेंगे।
जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से अपनी माताओं के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
सैनी ने कहा कि वह जहां भी जाते हैं, वहां कम से कम 100 पौधे लगाने का संकल्प लिया है और इसी अभियान के तहत पंचकूला में पौधारोपण कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया।
भाषा मनीषा दिलीप
दिलीप

Facebook


