हरियाणा: किसानों ने जिला प्रशासन से समझौता होने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया

हरियाणा: किसानों ने जिला प्रशासन से समझौता होने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया

हरियाणा: किसानों ने जिला प्रशासन से समझौता होने के बाद प्रदर्शन समाप्त किया
Modified Date: September 23, 2026 / 10:02 pm IST
Published Date: September 23, 2026 10:02 pm IST

कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 23 सितंबर (भाषा) सरकारी केंद्रों पर धान की खरीद की मांग को लेकर यहां बराड़ा राजमार्ग (राज्य राजमार्ग-4) के निकट धरना दे रहे किसानों ने बुधवार शाम जिला प्रशासन के साथ समझौता होने के बाद अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

किसान मंगलवार से राजमार्ग के निकट प्रदर्शन कर रहे थे और बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे उन्होंने राजमार्ग की ओर जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

बाद में किसानों को उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा से मुलाकात के लिए राजी किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन ने बृहस्पतिवार से धान की तुलाई शुरू करने और 25 सितंबर से ‘गेट पास’ जारी करने पर सहमति जताई।

मंडियों में ‘गेट पास’ किसानों के लिए जारी किये जाने वाले आधिकारिक डिजिटल या भौतिक प्रवेश टोकन होते हैं, जिनकी जरूरत सरकारी खरीद के लिए अपनी कृषि उपज को अनाज मंडियों में लाने के लिए होती है।

किसानों ने इस समझौते को जीत बताया और धरना समाप्त करने से पहले राजमार्ग पर नाचकर जश्न मनाया।

मीणा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन करने का निर्णय लिया गया है, जिनका धान पहले ही मंडी में लाया जा चुका है और मौजूदा स्थान पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को अपनी उपज वापस ले जाने और सत्यापन के लिए दोबारा लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे अतिरिक्त परिवहन लागत से बचा जा सकेगा।

भाषा देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में