हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों के काम की निगरानी के लिए संशोधित एसीआर प्रणाली शुरू की
हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों के काम की निगरानी के लिए संशोधित एसीआर प्रणाली शुरू की
चंडीगढ़, 22 मई (भाषा) हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रदर्शन की डिजिटल रूप से निगरानी के लिए संशोधित वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) तंत्र और डिजिटल निगरानी प्रणाली शुरू की है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बृहस्पतिवार को इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागों के प्रमुखों, बोर्ड और निगमों, विश्वविद्यालयों और जिला प्रशासनों को निर्देश जारी किए।
बयान में कहा गया है कि इसके बाद, पारंपरिक एसीआर प्रणाली धीरे-धीरे पूरी तरह से डिजिटल तंत्र में परिवर्तित हो जाएगी और अप्रैल 2027 से इसे बंद कर दिया जाएगा।
बयान के मुताबिक, कर्मचारियों के काम, उपलब्धियों और प्रदर्शन को मापने योग्य और परिणामोन्मुखी तरीके से दर्ज करने के लिए विभागवार नए एसीआर प्रारूप विकसित किए जाएंगे ताकि वस्तुनिष्ठ प्रदर्शन मूल्यांकन सुनिश्चित करने के साथ ही एसीआर लंबित रहने की समस्या को दूर किया जा सके।
बयान में कहा गया है कि राष्ट्रीय सूचना केंद्र या कोई नामित तकनीकी टीम इस उद्देश्य के लिए ऑनलाइन मंच विकसित करेगी।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश

Facebook


