पानीपत सिविल अस्पताल में महिला से दुष्कर्म मामले में हरियाणा सरकार को एनएचआरसी का नोटिस

Ads

पानीपत सिविल अस्पताल में महिला से दुष्कर्म मामले में हरियाणा सरकार को एनएचआरसी का नोटिस

  •  
  • Publish Date - August 28, 2026 / 12:11 AM IST,
    Updated On - August 28, 2026 / 12:11 AM IST

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि पानीपत के एक सिविल अस्पताल में जांच के दौरान 57 वर्षीय महिला के साथ कथित दुष्कर्म और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत से संबंधित खबरों पर उसने हरियाणा सरकार और पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं।

आयोग ने एक बयान में कहा कि अगर मीडिया रिपोर्ट में दी गई जानकारी सही है, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा के पानीपत स्थित एक सिविल अस्पताल में हाल में जांच के दौरान महिला के साथ हुए दुष्कर्म और बाद में उसकी मौत से संबंधित मीडिया रिपोर्ट का ‘‘स्वतः संज्ञान’’ लिया है।

बयान में कहा गया है कि बाद में रोहतक के स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

आयोग ने हरियाणा के मुख्य सचिव और पानीपत के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर इस मामले में दो हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

मीडिया की 19 अगस्त की खबर के अनुसार, गंभीर रूप से बीमार महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया था जहां चिकित्सकों ने एक्स-रे और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी।

बयान के अनुसार, मशीन ऑपरेटर ने कथित तौर पर ‘‘सीटी स्कैन कक्ष के अंदर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसे घटना के बारे में किसी को न बताने की धमकी दी।’’

एक अलग बयान में आयोग ने कहा कि उसने उस मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें बताया गया है कि झारखंड के गढ़वा जिले में लोगों के एक समूह ने एक महिला पर ‘‘डायन’’ होने का आरोप लगाकर हमला किया, जिससे वह 40 प्रतिशत तक झुलस गई।

आयोग के अनुसार, उसी गांव के रहने वाले हमलावरों ने ‘‘हमले के दौरान पीड़िता पर खौलता हुआ पानी डाल दिया।’’

मानवाधिकार आयोग ने कहा कि उसने गढ़वा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो हफ्ते में इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

एक अन्य बयान में आयोग ने कहा कि उसने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसके अनुसार 24 अगस्त को महाराष्ट्र के अमरावती में जिला महिला अस्पताल की नवजात शिशु गहन देखभाल इकाई (एनआईसीयू) में आग लगने की घटना में तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

आयोग ने कहा कि यह घटना वेंटिलेटर मशीन में विस्फोट के कारण हुई।

आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर इस मामले पर दो हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

भाषा सुभाष सिम्मी

सिम्मी