हरियाणा: सुरजेवाला ने एच-टीईटी परीक्षा में अनियमितता का आरोप लगाया, न्यायिक जांच की मांग की

हरियाणा: सुरजेवाला ने एच-टीईटी परीक्षा में अनियमितता का आरोप लगाया, न्यायिक जांच की मांग की

हरियाणा: सुरजेवाला ने एच-टीईटी परीक्षा में अनियमितता का आरोप लगाया, न्यायिक जांच की मांग की
Modified Date: July 6, 2026 / 06:44 pm IST
Published Date: July 6, 2026 6:44 pm IST

चंडीगढ़, छह जुलाई (भाषा) कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) के टीजीटी और पीआरटी स्तर की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया कि प्रश्नपत्रों के पैकेट की सील टूटी होने, छपाई में त्रुटियों और अधूरे प्रश्नों के कारण परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई।

सुरजेवाला ने पूरे एचटीईटी परीक्षा प्रकरण की उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश से जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस नेता ने एक बयान में आरोप लगाया कि चार जुलाई को आयोजित पीजीटी (स्तर-3) परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं के बाद पांच जुलाई को आयोजित टीजीटी (स्तर-2) और पीआरटी (स्तर-1) परीक्षाओं में इससे भी अधिक गंभीर खामियां सामने आईं।

उन्होंने दावा किया कि रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, फरीदाबाद और अंबाला सहित कई जिलों के परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों के पैकेट की सील टूटी हुई मिली, जिससे परीक्षा की गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि प्रश्नपत्रों के पैकेट टूटी हुई सील के साथ प्राप्त हुए, तो इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि प्रश्नपत्र पहले से लीक नहीं हुए थे।

कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि टीजीटी और पीआरटी के प्रश्नपत्रों में अनेक त्रुटियां थीं। इनमें रेखांकित शब्दों का गायब होना, अधूरे प्रश्न, गलत अनुवाद, अर्थहीन शब्द, उत्तर विकल्पों की पुनरावृत्ति तथा कई प्रश्नों के हिंदी और अंग्रेजी संस्करणों में अंतर शामिल हैं।

सुरजेवाला ने ऐसे प्रश्नों के उदाहरण भी दिए, जिनमें पाठ अधूरा था, संख्यात्मक मान परस्पर विरोधी थे, गणितीय अभिव्यक्तियां गलत थीं, उत्तर विकल्प दोहराए गए थे और सेट-बी में प्रश्नों की क्रम संख्या भी गलत दी गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रश्न संख्या 145 से 148 को गलती से 45 से 48 के रूप में छाप दिया गया, जिससे अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट भरने में भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रश्नपत्र के अंतिम पृष्ठ की क्रम संख्या भी गलत अंकित थी।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि इस तरह की खामियां परीक्षा प्रणाली के पूरी तरह विफल होने का प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इन कथित अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण देने की मांग की और पूरे एचटीईटी परीक्षा प्रकरण की उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराने की भी मांग की।

कांग्रेस नेता ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की और परीक्षा को पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से दोबारा आयोजित करने की अपील की।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में