चंडीगढ़, 27 अगस्त (भाषा) हरियाणा के निलंबित कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में एक पोस्टर लहराया जिसमें 1984 में सिखों की हत्या करने वालों को ‘‘आदर्श’’ मानने वालों से माफी मांगने के लिए कहा गया।
रतिया से विधायक सिंह ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि सदन में कांग्रेस विधायक इंदराज नरवाल ने उनके हाथ से पोस्टर छीन लिया और अपने साथ ले गए।
सिंह ने विधानसभा में पोस्टर दिखाया, जिस पर लिखा था, ‘‘1984 में सिखों के हत्यारों को ‘‘आदर्श’’ मानने वाले माफी मांगो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस का चेहरा उजागर करना चाहता था, लेकिन इंदराज ने मेरे हाथ से पोस्टर छीन लिया।’’
उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि यह केवल सिखों का ही नहीं, बल्कि दलितों का भी अपमान है।
सिंह ने कहा, ‘‘मैं यह मुद्दा उठाना चाहता था कि सज्जन कुमार को रोल मॉडल कहा गया है। इससे क्या संदेश जाएगा?’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखकर रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति से हटाने की मांग की थी।
उन्होंने हुड्डा पर पूर्व सांसद सज्जन कुमार के ‘‘गुणों की प्रशंसा’’ करने का आरोप लगाया था।
सज्जन कुमार 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे थे और 20 अगस्त को 80 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।
उनके निधन के बाद हुड्डा ने उन्हें ‘‘देश के राजनीतिक परिदृश्य के लिए नुकसान’’ बताते हुए पूर्व कांग्रेस सांसद के ‘‘लोगों से जुड़ाव और दिल्ली के विकास में योगदान’’ की प्रशंसा की थी।
बाद में हुड्डा ने कहा था कि उन्होंने सज्जन कुमार को ‘‘रोल मॉडल’’ नहीं कहा था और अगर उनकी टिप्पणी से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें खेद है।
विधानसभा में कार्यवाही के दौरान मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने नरवाल द्वारा पोस्टर छीने जाने की निंदा की और कहा कि जिस तरह से एक सिख विधायक के साथ व्यवहार किया गया, वह निंदनीय है।
बाद में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्षी इनेलो सदस्य आदित्य देवीलाल के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंह के मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस के एक दलित विधायक के मन में इस बात का दर्द है कि जिस व्यक्ति के बारे में लोग जानते हैं कि उसने 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान क्या किया था, उसे ‘‘रोल मॉडल’’ कहा जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे उन्हें रोल मॉडल कह रहे हैं तो राहुल गांधी से कहें कि उनके घर में उनका बड़ा पोस्टर या तस्वीर हो। हुड्डा भी अपने घर के अंदर और बाहर उनकी तस्वीर लगाएं और लोगों को बताएं कि यह व्यक्ति हमारा रोल मॉडल है।’’
इस साल मार्च में राज्यसभा चुनाव में कथित तौर पर ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के आरोप में कांग्रेस ने जरनैल सिंह समेत अपने पांच विधायकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था।
इससे पहले बृहस्पतिवार सुबह सिंह और कांग्रेस द्वारा निलंबित किए गए चार अन्य विधायकों में से तीन विधानसभा के पहले दिन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे, लेकिन पार्टी के विरोध मार्च में शामिल नहीं हुए।
हरियाणा कांग्रेस के विधायकों ने काले कपड़े पहनकर कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हाईकोर्ट चौक से विधानसभा तक मार्च निकाला। उन्होंने युवाओं, राम मंदिर चंदा चोरी, सफाई कर्मचारियों की स्थिति और कथित घोटालों समेत कई मुद्दों को लेकर तख्तियां ले रखी थीं।
भाषा
राखी नरेश
नरेश