अरुणाचल प्रदेश में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य परामर्श जारी

Ads

अरुणाचल प्रदेश में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य परामर्श जारी

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 10:04 AM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 10:04 AM IST

ईटानगर, 27 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में अचानक होने वाले अल्पकालिक बुखार के मामलों में बढ़ोतरी के बीच डेंगू की जल्द पहचान और लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य परामर्श जारी किया गया है।

ईटानगर राजधानी क्षेत्र के जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी. लोवांग मल्लो के कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी परामर्श में लोगों से बचाव के उपाय अपनाने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की गई है।

परामर्श में कहा गया है कि डेंगू मच्छर जनित बीमारी है जिससे आमतौर पर दो से सात दिन तक तेज बुखार रह सकता है। इसके सामान्य लक्षणों में सिरदर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द तथा त्वचा पर चकत्ते की समस्या शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए घरों के आसपास जमा पानी हटाने, पानी के कूलर और टंकियों की नियमित सफाई करने तथा पानी रखने वाले बर्तनों को ढककर रखने को कहा है। लोगों को मच्छर भगाने वाली दवाओं और मच्छरदानियों का इस्तेमाल करने, खिड़कियों पर जाली लगाने तथा पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने की सलाह भी दी गई है।

परामर्श में डेंगू के लक्षण होने पर खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सक से जांच कराने को कहा गया है। इसमें चिकित्सकीय सलाह के बिना एस्पिरिन, इबुप्रोफेन और स्टेरॉयड लेने से विशेष रूप से बचने की चेतावनी दी गई है।

भाषा राखी रंजन

रंजन