पंजाब: दुष्कर्म की अपुष्ट खबर को लेकर निजी विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रदर्शन किया

Ads

पंजाब: दुष्कर्म की अपुष्ट खबर को लेकर निजी विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रदर्शन किया

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 09:30 AM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 09:30 AM IST

चंडीगढ़, 27 सितंबर (भाषा) पंजाब के फगवाड़ा में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक छात्रा से कथित दुष्कर्म की अपुष्ट खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शनिवार देर रात बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया और परिसर में तोड़फोड़ की।

कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव तूरा ने कहा कि पुलिस को इस तरह के किसी अपराध की जानकारी नहीं है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के छात्र खिड़कियों के शीशे एवं गमले तोड़ते और कुछ वस्तुओं में आग लगाते दिखाई दे रहे हैं। छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बाधित कर दिया।

तूरा ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि देर रात करीब पौने दो बजे छात्र एलपीयू परिसर में एकत्र हुए और उन्होंने एक सड़क बाधित कर दी।

तूरा ने एक छात्रा से कथित दुष्कर्म की सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबर के बारे में पूछे जाने पर पत्रकारों से कहा, ‘‘जब हम यहां पहुंचे तो पता चला कि कुछ अफवाहें फैली थीं। इन अफवाहों के कारण छात्र यहां एकत्र हुए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने छात्रों से बात की। उन्हें एलपीयू प्रशासन से कुछ शिकायतें हैं। हमने उनकी बात सुनी है और उनका समाधान कराने की कोशिश कर रहे हैं। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।’’

तूरा ने कहा कि संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि छात्रों का कहना है कि उनकी शिकायतों का उचित समाधान नहीं किया जाता।

विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।

यह घटना पटियाला के चितकारा विश्वविद्यालय में छात्रों के प्रदर्शन के एक दिन बाद हुई है।

वहां भी परिसर में दो छात्राओं के कथित तौर पर आत्महत्या करने की अपुष्ट खबरों को लेकर छात्रों ने एक पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया था।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन