देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्से में आगामी चार-पांच दिन तक लू चलने का अनुमान: मौसम विभाग

देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्से में आगामी चार-पांच दिन तक लू चलने का अनुमान: मौसम विभाग

देश के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्से में आगामी चार-पांच दिन तक लू चलने का अनुमान: मौसम विभाग
Modified Date: April 20, 2026 / 07:14 pm IST
Published Date: April 20, 2026 7:14 pm IST

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि अगले चार से पांच दिन तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के आसपास के कुछ इलाकों में लू चलने का प्रबल अनुमान है।

आईएमडी ने बताया कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी बंगाल में गंगा के मैदानी भाग, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने का अनुमान है।

आईएमडी ने कहा, ‘‘20 से 26 अप्रैल के दौरान पश्चिमी बंगाल में गंगा के कुछ मैदानी इलाकों; 20 से 22 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल; 20 से 24 अप्रैल के दौरान केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा 24 और 25 अप्रैल को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की प्रबल संभावना है।’’

इसके अलावा 20 और 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ और 20 से 22 अप्रैल के बीच ओडिशा में कुछ इलाकों में रात का तापमान बढ़ने का अनुमान है।

आईएमडी ने बताया कि सोमवार को देश के दक्षिण, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के विभिन्न राज्यों में मध्यम से तीव्र गरज के साथ बारिश हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार, सोमवार को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि का अनुमान है।

भाषा संतोष जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में