तमिलनाडु में ऊष्ण लहर जारी रहने की संभावना

तमिलनाडु में ऊष्ण लहर जारी रहने की संभावना

तमिलनाडु में ऊष्ण लहर जारी रहने की संभावना
Modified Date: May 2, 2026 / 02:34 pm IST
Published Date: May 2, 2026 2:34 pm IST

चेन्नई, दो मई (भाषा) तमिलनाडु तथा पुडुचेरी के तटीय इलाकों में अत्यधिक आर्द्रता और सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान रहने के कारण पांच मई तक ऊष्ण लहर जारी रहने की संभावना है।

चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन में अनुमान जताया गया है कि राज्य के चेन्नई (मीनाम्बक्कम), इरोड, करूर, नागपट्टिनम और वेल्लोर जिलों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा।

इसी तरह चेन्नई (नुंगमबक्कम), कोयंबटूर, कुड्डालोर, धर्मपुरी, कन्याकुमारी, कराईकल, डिंडीगुल, मदुरै, पुडुचेरी, सेलम और तिरुचिरापल्ली जिलों में भी तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने का अनुमान है।

तमिलनाडु में शुक्रवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान (42.4 डिग्री सेल्सियस) वेल्लोर में दर्ज किया गया, जो 108.32 डिग्री फॉरेनहाइट के बराबर है। पहाड़ी इलाकों में उदगमंडलम में सबसे कम न्यूनतम तापमान (12.2 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया। राज्य के 15 से अधिक जिलों में तापमान 100 डिग्री फॉरेनहाइट से अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार से चार मई तक नीलगिरि, थेनी, इरोड, सलेम, नमक्कल और डिंडीगुल जिलों में कहीं-कहीं गरज, बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

तिरुनेलवेली के ऊथु में पिछले 24 घंटे में आठ सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

भाषा

सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में