केरलम के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी

केरलम के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी

केरलम के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी
Modified Date: September 21, 2026 / 09:32 am IST
Published Date: September 21, 2026 9:32 am IST

तिरुवनंतपुरम, 21 सितंबर (भाषा) केरलम के छह जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है और सोमवार को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सुबह सात बजे पत्तनमथिट्ठा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्णाकुलम और त्रिशूर जिलों में तीन घंटे के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।

‘ऑरेंज अलर्ट’ का मतलब है कि 24 घंटे में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने कहा कि इन जिलों में कुछ जगहों पर बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे के वेग से तेज हवाओं के साथ गरज और बारिश की अत्यधिक संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि कोल्लम, पलक्कड़ और कन्नूर जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

इस बीच, मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने अधिकारियों को राज्य में बारिश की स्थिति की हर घंटे समीक्षा करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार रात जारी एक बयान में कहा गया कि आपदा प्रबंधन आयुक्त विग्नेश्वरी ने स्थिति का आकलन करने के लिए इडुक्की और कोट्टायम जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की।

बयान में कहा गया कि इडुक्की और कोट्टायम जिलों में एसएमएस अलर्ट जारी किए गए हैं और जिलाधिकारियों को हालात का जायजा लेने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने समेत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

रविवार शाम राज्य में हुई भारी बारिश के कारण इडुक्की और कोट्टायम जिलों में भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई।

भारी बारिश के कारण मलप्पुरम जिले के नीलांबुर में कोट्टापुझा नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें छह लोग बह गए।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव


लेखक के बारे में