हिमाचल: बारिश के कारण किन्नौर में हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग बंद

Ads

हिमाचल: बारिश के कारण किन्नौर में हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग बंद

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 09:16 AM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 09:16 AM IST

शिमला, तीन जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में लगातार बारिश के कारण शुक्रवार सुबह करीब छह बजे भारी मलबा आने से हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-5) चोलिंग के पास वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, मेरुत नाले के पास खड़ी पहाड़ियों से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे दो वाहन कीचड़ और मलबे में फंस गए। वहीं, रिब्बा नाले में आई बाढ़ के कारण रिब्बा-कांडा संपर्क मार्ग भी बंद हो गया।

किन्नौर के उपायुक्त अमित शर्मा ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। चोलिंग क्षेत्र में सड़क को साफ करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

इस बीच, चंबा जिले के भरमौर उपमंडल में एक मंदिर के पास फंसे 24 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है। भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ के चलते मंदिर तक पहुंचाने वाला अस्थायी लकड़ी का पुल बह गया था, जिससे श्रद्धालु वहां फंस गए थे।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन, पर्वतारोहण संस्थान और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को एक अभियान में सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। ये श्रद्धालु बुधवार से वहां फंसे हुए थे।

इस बीच, शिमला मौसम कार्यालय ने तीन जुलाई को छोड़कर दो से पांच जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

भाषा शोभना वैभव

वैभव