पंजाब में महिला ने अपने तीन बच्चों की जान लेने के बाद आत्महत्या की

Ads

पंजाब में महिला ने अपने तीन बच्चों की जान लेने के बाद आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 10:19 AM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 10:19 AM IST

चंडीगढ़, तीन जुलाई (भाषा) पंजाब के मानसा में एक महिला ने अपने तीन बच्चों की कथित तौर पर हत्या करने के बाद फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मानसा के सिटी थाना-2 के थाना प्रभारी (एसएचओ) कुलवंत सिंह ने फोन पर बताया कि मृतक महिला की पहचान 36 वर्षीय संदीप कौर के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार शाम संदीप कौर का शव मानसा स्थित उसके किराये के मकान में फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उसके तीनों बच्चे 12 वर्षीय खुशप्रीत कौर, सात वर्षीय समनदीप कौर और दो वर्षीय पुत्र मृत पाए गए।

एसएचओ के अनुसार, आशंका है कि संदीप कौर ने अपनी बड़ी बेटी को कोई जहरीला पदार्थ पिला दिया था, जबकि अन्य दो बच्चों की गला घोंटकर हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि संदीप कौर के पति की कुछ महीने पहले मृत्यु हो गई थी। उसकी मां दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करती है।

एसएचओ ने कहा कि महिला द्वारा कथित तौर पर अपने बच्चों की हत्या करने और बाद में खुद की जान लेने जैसा कदम उठाने के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा गोला वैभव

वैभव