हिमाचल पंचायत चुनाव : बारिश के बावजूद मतदान को लेकर उत्साह बरकरार, महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ा
हिमाचल पंचायत चुनाव : बारिश के बावजूद मतदान को लेकर उत्साह बरकरार, महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ा
(तस्वीरों के साथ)
शिमला, 30 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तूफानी मौसम की परवाह किए बिना शनिवार को पंचायत चुनावों के तीसरे और अंतिम चरण के दौरान लोग बड़ी संख्या में घरों से मतदान के लिये निकले। इस दौरान महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में काफी अधिक रही।
राज्य के सभी 12 जिलों में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया, जहां महिलाओं का मतदान प्रतिशत 68.95 रहा, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 56.49 रहा यानी 12 प्रतिशत से अधिक का अंतर। अपराह्न एक बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 62.67 था।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और अपराह्न तीन बजे तक जारी रहेगा। अपराह्न एक बजे तक सिरमौर जिले में सबसे अधिक 71.28 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि लाहौल और स्पीति में सबसे कम 58.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। फिलहाल कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
चुनाव अधिकारी संजीव महाजन ने शनिवार को बताया कि 1,189 ग्राम पंचायतों में कुल 15,40,324 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
ये चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराए जा रहे हैं और इनमें किसी भी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है।
राज्य में 26 मई को हुए पहले चरण के चुनाव में 1,293 पंचायतों में 78.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जबकि 28 मई को हुए दूसरे चरण में 1,276 पंचायतों में 79.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
अब तक कुल 10,854 पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
राज्य निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ग्राम पंचायतों, प्रधानों और उप-प्रधानों के चुनाव परिणाम शनिवार को घोषित किए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए हुए चुनाव के नतीजे 31 मई को जारी किए जाएंगे।
मतपत्रों के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित किए गए हैं। वार्ड सदस्य के लिए सफेद, उप-प्रधान के लिए पीला, प्रधान के लिए हरा, पंचायत समिति सदस्य के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्य के लिए नीले रंग का मतपत्र इस्तेमाल किया गया।
कुल मिलाकर तीन चरणों में हो रहे इन चुनावों में लगभग 50.89 लाख मतदाता 31,182 जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप-प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।
शिमला मौसम विभाग ने राज्य में चार जून तक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
भाषा
गोला प्रशांत
प्रशांत

Facebook


