हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आंबेडकर की जयंती पर ‘समानता के वास्तुकार’ स्मारक का अनावरण किया
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आंबेडकर की जयंती पर 'समानता के वास्तुकार' स्मारक का अनावरण किया
शिमला, 14 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला में डॉ बी आर आंबेडकर की जयंती के अवसर पर ‘समानता के वास्तुकार’ स्मारक का अनावरण किया। इस दौरान सुक्खू ने कहा कि आंबेडकर शिक्षा को नागरिकों को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम मानते थे।
उन्होंने कहा कि डॉ बी आर आंबेडकर ने सामाजिक सद्भाव और समानता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने आंबेडकर को दूरदर्शी राजनेता और समानता, न्याय तथा वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवन समर्पित करने वाला अग्रणी नेता बताते हुए कहा, “संविधान का मसौदा तैयार करते समय डॉ. आंबेडकर ने सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार सुनिश्चित किए और देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अमूल्य योगदान दिया।”
उन्होंने कहा, “वे शिक्षा को एक ऐसे प्रभावी साधन के रूप में देखते थे, जो हर नागरिक को सशक्त बनाकर एक समतामूलक समाज के निर्माण में मदद कर सकता है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के पिछड़े वर्गों और गरीबों के कल्याण तथा अधिकारों के लिए समर्पित किया। डॉ. आंबेडकर की विरासत आज भी देश को एक प्रगतिशील और समावेशी भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करती है।
सुक्खू ने लोगों से आंबेडकर के मूल्यों और आदर्शों से प्रेरणा लेने का भी आह्वान किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने शिमला के चौराह मैदान में आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


