हिमाचल: सोलन में कार गहरी खाई में गिरी, युवती की मौत
हिमाचल: सोलन में कार गहरी खाई में गिरी, युवती की मौत
शिमला, 19 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कंडाघाट क्षेत्र में मंगलवार को एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान पूजा (24) के रूप में हुई है, जो सोलन के कोटी गांव की रहने वाली थी। उसने बताया कि हादसे में घायल तोता राम, सुनीता, कौशल्या और निर्मला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कार सवार सोलन जा रहे थे, तभी वे कंडाघाट-चायल लिंक रोड पर हादसे के शिकार हो गए।
पुलिस ने बताया कि कार तोता राम चला रहा था। उसने बताया कि दोची गांव के पास पहुंचने पर तोता राम ने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वह एक गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस के अनुसार, हादसे में पूजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बारे में तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर कंडाघाट स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सोलन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
भाषा यासिर पारुल
पारुल

Facebook


