गृह मंत्री बताएं कि बिहार में एसआईआर के तहत कितने ‘घुसपैठियों’ की पहचान हुई: कांग्रेस
गृह मंत्री बताएं कि बिहार में एसआईआर के तहत कितने ‘घुसपैठियों’ की पहचान हुई: कांग्रेस
नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह के एक बयान का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि शाह को बताना चाहिए कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कवायद के तहत कितने ‘घुसपैठियों’ का पता लगाया गया है और उनका नाम मतदाता सूची से हटाया गया है
शाह ने बिहार में एक चुनावी सभा में कहा, ‘‘हम बिहार से उन घुसपैठियों को भी बाहर निकालेंगे जो गरीब लोगों का अनाज और रोजगार हड़प लेते हैं और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं।’’
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने उनके बयान को लेकर ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘चुनाव के समय, केंद्रीय गृह मंत्री कहते रहते हैं कि मतदाता सूची में शामिल विदेशियों का पता लगाया जाना चाहिए, उनका नाम हटाया जाना चाहिए और उन्हें देश से बाहर किया जाना चाहिए। लेकिन क्या केंद्रीय गृह मंत्री देश को दो सरल प्रश्नों के उत्तर भी देंगे?’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या नागरिकता निर्धारित करना और उस पर निर्णय लेना भारत के चुनाव आयोग की संवैधानिक ज़िम्मेदारी है? बिहार एसआईआर अभ्यास के तहत कितने ऐसे विदेशियों/घुसपैठियों का पता लगाया गया है और उनका नाम हटाया गया है?’’
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश

Facebook


