हिप्र के मंत्री ने सुक्खू और कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने बेटे के ‘निराधार’ आरोपों को खारिज किया
हिप्र के मंत्री ने सुक्खू और कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने बेटे के 'निराधार' आरोपों को खारिज किया
शिमला, छह जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने बेटे और पूर्व विधायक नीरज भारती की तीखी आलोचना को खारिज करते हुए कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने शनिवार को कहा कि उन्हें ‘बेबुनियाद और निराधार’ आरोप लगाने के बजाय पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी शिकायतें रखनी चाहिए थीं।
कुमार ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारती के आरोपों ने पार्टी और सरकार दोनों की विश्वसनीयता को कमजोर किया है।
पिछले कुछ हफ्तों में भारती ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज को लेकर कई आरोप लगाए हैं।
शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद भारती ने राज्य में ठेकेदारों के भुगतान की प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि हर महीने नकदी से भरे पांच ब्रीफकेस एकत्र किए जाते हैं, जिनमें से दो स्थानीय स्तर पर रखे जाते हैं और तीन दिल्ली में नेताओं के पास भेजे जाते हैं।
भारती ने सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘यह पता नहीं होता कि तबादला प्रक्रिया कब शुरू होती है और कब समाप्त होती है। इसके अलावा, जो ‘डीओ’ (अर्ध-शासकीय पत्रों) भेजे जाते हैं, उसका भी कोई अता-पता नहीं रहता।’
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कुमार ने कहा, ‘मामूली मुद्दों को मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष से बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है। लेकिन सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाकर हमला करना अनुशासनहीनता है। मैं इसे खारिज करता हूं।’
उन्होंने कहा, ‘इस तरह के आरोप किसी का राजनीतिक कद बढ़ाने में मदद नहीं करते। इसके विपरीत, ये व्यक्ति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मैं नीरज को सलाह देना चाहूंगा कि वह सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले ऐसे निराधार आरोप लगाने से बचें।’
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


