तीन राज्यों में दूषित पेयजल के कारण सैकड़ों लोग प्रभावित हुए : सरकार

तीन राज्यों में दूषित पेयजल के कारण सैकड़ों लोग प्रभावित हुए : सरकार

तीन राज्यों में दूषित पेयजल के कारण सैकड़ों लोग प्रभावित हुए : सरकार
Modified Date: March 9, 2026 / 09:08 pm IST
Published Date: March 9, 2026 9:08 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) सरकार ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि मध्यप्रदेश, गुजरात और आंध्र प्रदेश में पेयजल के दूषित होने के मामले सामने आये हैं और सैकड़ों लोग बीमार पड़े हैं।

केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 और सेक्टर अल्फा-2 से दूषित जल की शिकायतें प्राप्त हुईं, जहां पानी के कनेक्शन में रिसाव का पता लगाकर उसे ठीक कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि हरियाणा के गुरुग्राम में पिछले साल दिसंबर में सेक्टर 70-70ए स्थित एक निजी कॉलोनी में एक मामला सामने आया। बाद में हुई जांच में पता चला कि मकान मालिकों की पानी की टंकी गंदी थी। टंकी की सफाई कर समस्या का समाधान कर दिया गया।

साहू ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार के अनुसार, पिछले साल 28 दिसंबर को इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में उल्टी और दस्त की घटनाएं सामने आई थीं।

उन्होंने बताया कि इलाके में दस्त के कारण 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कुल 459 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

आंध्र प्रदेश में, श्रीकाकुलम नगर निगम के कुछ इलाकों में 2026 की शुरुआत में दस्त के मामले सामने आए। यह प्रकोप कुछ वार्डों तक सीमित रहा और अधिकारियों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से तत्काल निवारक उपाय किए।

मंत्री के अनुसार, कुल 224 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो लोगों की मौत हो गई।

गुजरात के गांधीनगर में टाइफाइड के प्रकोप से 258 लोग प्रभावित हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बालासिनोर में, अक्टूबर 2025 से पुरानी पेयजल पाइपलाइनों में रिसाव के कारण 506 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि वडोदरा में दूषित पेयजल के कारण 2025 से 436 लोग बीमार पड़े हैं।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में