मणिपुर में छह नगा नागरिकों की हत्या के विरोध में सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया

मणिपुर में छह नगा नागरिकों की हत्या के विरोध में सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया

मणिपुर में छह नगा नागरिकों की हत्या के विरोध में सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया
Modified Date: June 20, 2026 / 03:12 pm IST
Published Date: June 20, 2026 3:12 pm IST

इंफाल, 20 जून (भाषा) मणिपुर में कथित तौर पर अगवा किए जाने के बाद मृत पाए गए छह नगा नागरिकों के लिए न्याय की मांग को लेकर शनिवार को सैकड़ों लोगों ने राज्य की राजधानी में प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन ‘ऑल नगा स्टूडेंट्स एसोसिएशन मणिपुर’ (एएनएसएएम) द्वारा आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने डेवलालैंड के तंगखुल बैपटिस्ट चर्च से मार्च शुरू किया, जो करीब चार किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग स्थित मणिपुर बैपटिस्ट चर्च पर जाकर संपन्न हुआ।

प्रदर्शनकारियों ने इन हत्याओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जब पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का काफिला नॉर्थ एओसी क्षेत्र से गुजरा, तब प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर के लिए नारेबाजी तेज कर दी।

एएनएसएएम के अध्यक्ष थंगतेशांग मारिंग ने कहा कि यह प्रदर्शन छह नागरिकों की हत्या को लेकर जनता के गुस्से को दर्शाता है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह एक सामूहिक प्रदर्शन है जो निर्दोष नागरिकों पर किए गए अत्याचारों के खिलाफ न्याय की मांग करने वाले लोगों की आवाज को प्रदर्शित करता है।’’

मारिंग ने कहा, ‘‘हम उन छह नगा नागरिकों के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं, जिन्हें 13 मई को लीलोन वैफेई गांव से अगवा किया गया तथा लगभग एक महीने तक बंधक बनाकर रखा गया और फिर बाद में उनकी हत्या कर दी गई।’’

इन छह व्यक्तियों के शव 10 जून को लीलोन वैफेई गांव के आसपास के इलाके से बरामद किए गए थे।

मारिंग ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार इस मामले पर चुप नहीं रह सकतीं तथा उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाए।

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में