राजस्थान में पति ने गर्भवती पत्नी को बुरी तरह पीटा, जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाईं; मौत हुई
राजस्थान में पति ने गर्भवती पत्नी को बुरी तरह पीटा, जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाईं; मौत हुई
जयपुर, 16 मई (भाषा) राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक व्यक्ति ने अपनी 41 वर्षीय गर्भवती पत्नी को कथित तौर पर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला।
पुलिस ने बताया कि मृतक महिला की बेटी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया यह घटना बुधवार रात हमीरगढ़ थाने की बीएसएल कॉलोनी में हुई। आरोपी गोपी सिंह यादव ने अपनी पांच महीने की गर्भवती पत्नी रोली देवी को कथित तौर पर बुरी तरह पीटा। महिला को गंभीर चोटें आईं जिसके कारण उसका गर्भपात हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ, जिससे उसकी मौत हो गयी।
इस दंपति की 14 वर्षीय बेटी ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोप लगाया कि उसके पिता ने सुबह से ही उसकी मां को पीटना शुरू कर दिया और पूरे दिन रुक-रुककर उसे पीटते रहे। उसने आरोप लगाया कि उसका पिता दिन में बाजार गया और गर्भपात की गोलियां लाया। उसने उसकी मां को ये गोलियां जबरदस्ती खिला दीं जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।
पुलिस उपाधीक्षक (सदर) हरजीराम ने बताया कि दंपति की बेटी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि दंपति के बीच घरेलू विवाद के कारण यह घटना हुई होगी।
पोस्टमॉर्टम करने वाले मेडिकल बोर्ड ने इस मामले को क्रूर बताया। मेडिकल ज्यूरिस्ट डॉ. चेतन कुमार ने बताया कि महिला के सिर, चेहरे, कमर और निजी अंगों पर एक दर्जन से अधिक चोट के निशान थे जो भयानक शारीरिक हमले की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि महिला की कोई हड्डी नहीं टूटी थी लेकिन कई चोटें स्पष्ट रूप से लगातार हुई मारपीट के संकेत देती हैं। जबरदस्ती गर्भपात के भी संकेत मिले हैं।’’
महात्मा गांधी अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि महिला को अत्यधिक रक्तस्राव की स्थिति में गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला के परिजन उत्तर प्रदेश से भीलवाड़ा पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
दंपति के चार बच्चे हैं और बताया जा रहा है कि घटना के समय वे सभी घर पर ही मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा पृथ्वी गोला
गोला

Facebook


