अमेरिका में हैदराबाद के युवक की गोली मारकर हत्या, परिवार ने न्याय की मांग की

अमेरिका में हैदराबाद के युवक की गोली मारकर हत्या, परिवार ने न्याय की मांग की

अमेरिका में हैदराबाद के युवक की गोली मारकर हत्या, परिवार ने न्याय की मांग की
Modified Date: June 7, 2026 / 04:18 pm IST
Published Date: June 7, 2026 4:18 pm IST

हैदराबाद, सात जून (भाषा) हैदराबाद के 28 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर अमेरिका में पिज्जा डिलीवरी करते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। पास के गुंडलापोचमपल्ली में रहने वाले उसके परिवार ने घटना की जानकारी दी।

यह घटना पांच और छह जून की दरमियानी रात को अमेरिका के फिलाडेल्फिया में घटी।

न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने शनिवार देर रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हम फिलाडेल्फिया, पेंसिल्वेनिया में भारतीय नागरिक अंशुल कुंचा के असमय निधन से बेहद दुखी हैं। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वाणिज्य दूतावास अंशुल के परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।’’

अंशुल की बहन तन्वी ने मीडियाकर्मियों को बताया कि वह उत्तरी फिलाडेल्फिया, अमेरिका की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता था और सप्ताहांत में अतिरिक्त आय के लिए पिज्जा डिलीवरी करते थे।

उनकी बहन ने कहा, ‘‘हमें बताया गया कि उन्हें (अंशुल को) सिर में तीन गोलियां मारी गईं और सड़क पर छोड़ दिया गया।’’

तन्वी के अनुसार अंशुल का कोई भी सामान चोरी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि अंशुल को एक सुनसान इलाके में पिज्जा डिलीवर करने के लिए कहा गया था और बाद में उन्हें पता चला कि यह एक धोखा था।

उन्होंने न्याय की मांग की और विदेश मंत्रालय से अपने भाई के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द वापस लाने की अपील की।

तन्वी के मुताबिक, ‘‘हमें बताया गया है कि शव सोमवार को सौंप दिया जाएगा। बस हमारे भाई को वापस दे दीजिए। मैं बस यही चाहती हूं। और मुझे न्याय चाहिए। हमें कोई शक नहीं है… यह एक धोखा था। अमेरिकी मीडिया की खबरों के अनुसार, ऐसा लगता है कि काले नकाब पहने और पीठ पर बैग लटकाए दो बंदूकधारी थे।’’

अंशुल लगभग चार साल पहले पढ़ाई के लिए अमेरिका गए थे।

भाषा वैभव दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में