हैदराबाद पुलिस आयुक्त ने युवतियों को साइबर अपराधियों से सतर्क रहने को कहा
हैदराबाद पुलिस आयुक्त ने युवतियों को साइबर अपराधियों से सतर्क रहने को कहा
हैदराबाद, आठ अगस्त (भाषा) हैदराबाद शहर के पुलिस आयुक्त वी. सी. सज्जनार ने शनिवार को सोशल मीडिया पर आ रहे ‘बॉयफ्रेंड किराए पर लें’ (रेंट बॉयफ्रेंड) सेवाओं के वाणिज्यिक विज्ञापनों को लेकर युवतियों को आगाह किया।
सज्जनार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘रेंट ब्वॉयफ्रेंड’’ की इन पेशकश के जरिये साइबर अपराधी पीड़ितों को ठगने और उनकी निजी तस्वीरों का इस्तेमाल कर ब्लैकमेल करने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी कॉफी पीने, फिल्म देखने या खरीदारी करने के लिए आकर्षक और कम उम्र के युवकों के साथ समय बिताने की लुभावनी पेशकश करके महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी सेवा लड़कियों और युवतियों को निशाना बनाने वाला साइबर अपराधियों द्वारा बुना गया एक खतरनाक जाल है।
सज्जनार ने ऐसी ही एक पेशकश वाले पोस्टर को साझा करते हुए कहा कि साइबर अपराधी ‘‘1 अगस्त विशेष – 50 फीसदी छूट’’ जैसी पेशकर देकर महिलाओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी आकर्षक युवकों की उन तस्वीरों का इस्तेमाल करके महिलाओं को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं, जो या तो एआई से बनाई गई होती हैं या इंटरनेट से डाउनलोड की गई होती हैं।
उन्होंने कहा कि साइबर ठग फोन नंबर और निजी तस्वीरें हासिल करने के बाद पीड़ितों को ब्लैकमेल भी कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हैदराबाद साइबर अपराध पुलिस ऐसी धोखाधड़ी वाली पेशकशों पर नजर रख रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि युवतियों को साइबर अपराध का शिकार होने से बचाने के लिए उनके माता-पिता को उनकी सोशल मीडिया पोस्ट और स्मार्टफोन के इस्तेमाल पर नजर रखनी चाहिए।
उन्होंने ऐसी धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों से शहर की साइबर अपराध पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


