हैदराबाद में एक महिला ने यौन शोषण और जबरन धर्मांतरण करवाने की शिकायत दर्ज कराई

हैदराबाद में एक महिला ने यौन शोषण और जबरन धर्मांतरण करवाने की शिकायत दर्ज कराई

हैदराबाद में एक महिला ने यौन शोषण और जबरन धर्मांतरण करवाने की शिकायत दर्ज कराई
Modified Date: April 5, 2026 / 08:54 pm IST
Published Date: April 5, 2026 8:54 pm IST

हैदराबाद, पांच अप्रैल (भाषा) हैदराबाद में 27 वर्षीय एक महिला ने अपने पति और उसके परिवार पर दुष्कर्म करने, जबरन धर्मांतरण कराने और वित्तीय शोषण किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने कारोबार के उद्देश्य से उसकी दुकान किराए पर लेने के बहाने उससे संपर्क किया। महिला ने दावा किया कि आरोपी ने उसे कहा था कि उसने धर्म परिवर्तन कर हिन्दु धर्म को अपना लिया है और अपना नाम बदलकर ‘‘नवदुर्गा’’ रख लिया है।

इस दावे के साथ ही आरोपी ने महिला से शादी करने का इरादा जताया, जिससे वह और उसकी मां दोनों मान गए।

महिला ने आरोप लगाया कि बाद में वह उसे अपने परिवार से मिलवाने के बहाने मोइनाबाद के एक रिसॉर्ट में ले गया, जहां कोई और मौजूद नहीं था।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे ऐसे खाद्य पदार्थ और जूस दिया जिसमें बेहोश करने वाली दवा मिली हुई थी। इन पदार्थ का सेवन करने के बाद वह बेहोश हो गई और उसका यौन उत्पीड़न किया गया।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बाद में घटना के दौरान ली गई तस्वीरें उसे दिखाई और उनका कथित तौर पर इस्तेमाल उसे शादी के लिए मजबूर करने के मकसद से किया गया।

पीड़िता ने बताया कि उसने पिछले साल जुलाई में कुकाटपल्ली स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में आरोपी से शादी की।

महिला ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसके पति ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर उसे बार-बार यौन शोषण और शारीरिक शोषण का शिकार बनाया।

पीड़िता ने यह भी दावा किया कि उस व्यक्ति के भाई और उसके साथियों ने कई मौकों पर उसका यौन उत्पीड़न किया।

उसने आरोप लगाया कि उसे जबरन अपना धर्म परिवर्तन करने के लिए मजबूर किया गया और उसका नाम बदलकर नज़ीरा रख दिया गया, हालांकि बेगमपेट थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस दावे की अब तक पुष्टि नहीं हुई है।

इसके अलावा, महिला ने आरोप लगाया कि शाकाहारी होने के बावजूद उसे गोमांस खाने के लिए मजबूर किया गया और आरोपी तथा उसके परिवार ने विभिन्न अवसरों पर उससे 16.7 लाख रुपये लिए, साथ ही उसके नाम पर ऋण भी लिया।

महिला ने बताया कि आरोपी बाद में लापता हो गया, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म और कानून की विभिन्न संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘उसके पति को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं।”

भाषा यासिर रंजन

रंजन


लेखक के बारे में