पलानीस्वामी की तरह मुझे धमकियों से झुकाया नहीं जा सकता : उदयनिधि

पलानीस्वामी की तरह मुझे धमकियों से झुकाया नहीं जा सकता : उदयनिधि

पलानीस्वामी की तरह मुझे धमकियों से झुकाया नहीं जा सकता : उदयनिधि
Modified Date: April 1, 2026 / 06:03 pm IST
Published Date: April 1, 2026 6:03 pm IST

तिरुपत्तूर (तमिलनाडु), एक अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने बुधवार को तंज कसते हुए कहा कि उनके पास अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी जैसा राजनीतिक अनुभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी दिल्ली में कार बदलते रहे और लौटकर अपना चेहरा रूमाल से छुपा लिया।

उदयनिधि ने कहा कि उन्हें हमेशा लोगों के साथ सम्मानपूर्वक खड़े रहने का अनुभव रहा है।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की युवा शाखा के 48 वर्षीय सचिव ने अंबूर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “पलानीस्वामी कहते हैं कि उनका राजनीतिक अनुभव मेरी उम्र के बराबर है। मैं उनसे सहमत हूं, मेरे पास उनके जितना अनुभव नहीं है। मेरा अनुभव यह है कि मैं धमकियों या संघियों के आगे नहीं झुकता। मेरा अनुभव यही है कि आत्मसम्मान के साथ और जनता के साथ खड़े रहना चाहिए।”

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री की वफादारी पर सवाल उठाते हुए कहा, “उनका अनुभव क्या है? पहले वे दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता के चरणों में गिरे, फिर (उनकी पूर्व करीबी सहयोगी) वी.के. शशिकला के, अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के।”

उदयनिधि ने दावा किया, “मैं अमित शाह से मिलने के लिए चुपके से दिल्ली नहीं गया और न ही मैंने चार गाड़ियां बदलीं। न ही मैंने शाह के घर से निकलते समय अपना चेहरा रुमाल से छिपाया। मुझे ऐसा कोई अनुभव नहीं है। मेरा अनुभव तो तमिलनाडु के अधिकारों को दिल्ली के समक्ष रखने का है।”

अंबूर में मुस्लिम समुदाय के बारे में उदयनिधि ने कहा कि द्रमुक हमेशा अल्पसंख्यकों के साथ खड़ी रही है और उनकी संरक्षक रही है, यहां तक ​​कि सीएए के मुद्दे पर भी उनका समर्थन किया है।

भाषा प्रशांत रंजन

रंजन


लेखक के बारे में