मैं अति पिछड़े वर्ग से आता हूं, लेकिन मेरा दायित्व सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का है: मोदी
मैं अति पिछड़े वर्ग से आता हूं, लेकिन मेरा दायित्व सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का है: मोदी
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अति पिछड़े वर्ग से आते हैं, लेकिन उनका दायित्व है कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलें।
प्रधानमंत्री ने लोकसभा में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर अपने विचार रखते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक समझदारी इसी में हैं कि हमें जमीनी स्तर पर महिलाओं के राजनीतिक नेतृत्व को स्वीकार करना होगा।’’
मोदी ने महिला आरक्षण पर समाजवादी पार्टी के रुख का परोक्ष जिक्र करते हुए कहा, ‘‘आप देश की बहनों पर, उनकी समझदारी पर भरोसा तो करो। एक बार 33 प्रतिशत बहनों को यहां आने तो दो। उन्हें निर्णय करने दो। उनकी सामर्थ्य परनिर्णय क्यों।उनकी सामर्थ्य पर आशंका क्यों है। उन्हें एक बार आने तो दो।’’
इस दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव कहते सुने गए, ‘‘प्रधानमंत्री जी आप खुद पिछड़े वर्ग से आते हैं, इसके बाद भी पिछड़ों का ख्याल नहीं रख रहे। यह पूरा देश देख रहा है।’’
इस पर प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘धर्मेंद्र जी मैं आपका बहुत आभारी हूं कि आपने मेरी पहचान करा दी। यह बात सही है कि मैं अत्यंत पिछड़े समाज से आता हूं। लेकिन मेरा दायित्व समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संविधान ने मुझे यह रास्ता दिखाया है। मेरे लिए संविधान ही सर्वोपरि है। और यह संविधान की ताकत है कि मेरे जैसे छोटे समाज के, अति पिछड़े समाज के व्यक्ति को इतना बड़ा दायित्व देश ने दिया। इसलिए मैं तो देशवासियों का ऋणी हूं, मैं तो संविधान निर्माताओं का ऋणी हूं।’’
उन्होंने सपा अध्यक्ष का नाम लेते हुए हल्के फुल्के अंदाज में यह भी कहा, ‘‘अखिलेश जी मेरे मित्र हैं तो कभी-कभी मदद कर देते हैं।’’
इस पर अखिलेश ने मुस्कुराते हुए और दोनों हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया।
भाषा वैभव माधव
माधव

Facebook


