राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर मणिपुर में शांति बहाली को प्राथमिकता दूंगी: शारदा देवी

राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर मणिपुर में शांति बहाली को प्राथमिकता दूंगी: शारदा देवी

Modified Date: June 5, 2026 / 11:40 am IST
Published Date: June 5, 2026 11:40 am IST

इंफाल, पांच जून (भाषा) राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार अधिकारीमयूम शारदा देवी ने शुक्रवार को कहा कि संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित होने पर अशांत मणिपुर में शांति बहाल करना और आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों का पुनर्वास करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

राज्यसभा चुनाव 18 जून को होना है और भाजपा द्वारा उम्मीदवार नामित किए जाने के एक दिन बाद उन्होंने यह बात कही।

पार्टी की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष ने विधायकों से अपील की कि वे उनके पक्ष में मतदान करें और उन्हें राज्य की सेवा करने का अवसर दें।

राज्य की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 37 विधायक होने के कारण उनका चुनाव लगभग तय माना जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘मैं राज्य से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित भाजपा नेताओं के प्रति अत्यंत विनम्रता और आभार व्यक्त करती हूं।’

शारदा देवी ने वर्ष 2014 से 2016 तक पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। वह आठ जून को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “यदि मैं राज्यसभा के लिए चुनी जाती हूं तो मैं राज्य में शांति बहाल करने और विकास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगी।”

भाजपा उम्मीदवार ने यह भी कहा कि वह राज्य में सभी आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन के लिए अपने स्तर पर हर संभव प्रयास करेंगी।

मणिपुर में मई 2023 से जारी जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं।

भाषा

प्रचेता वैभव

वैभव


लेखक के बारे में