कसौली में वायुसेना स्टेशन के पास जंगल में आग, बुझाने के लिए वायुसेना ने हेलीकॉप्टर तैनात किए

कसौली में वायुसेना स्टेशन के पास जंगल में आग, बुझाने के लिए वायुसेना ने हेलीकॉप्टर तैनात किए

Modified Date: May 27, 2026 / 01:06 am IST
Published Date: May 27, 2026 1:06 am IST

शिमला, 26 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कसौली में एक जंगली इलाके में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए भारतीय वायुसेना के कम से कम दो हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जंगल में आग लगने की यह घटना कसौली वायुसेना स्टेशन के पास हुई।

आग ने जंगल के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। वन विभाग के दल और दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने के लिए तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन वे इस पर काबू पाने में असमर्थ रहे।

इसके बाद, वायुसेना ने जंगल के विशेष रूप से दुर्गम क्षेत्रों में लगी आग को बुझाने के लिए अपने ‘एमआई-17’ और ‘चिनूक’ हेलीकॉप्टर को काम पर लगाया। आग बुझाने के लिए चंडीगढ़ की सुखना झील से भी पानी लाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे।

एक अन्य घटना में शिमला के पास रझाना गांव में भी जंगल में आग लगने की सूचना मिली है। वन और अग्निशमन विभाग के दल आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में तापमान में हुई बढ़ोतरी ही जंगल में लगी इस आग की संभावित वजह है।

भाषा

सुमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में