वायुसेना का मालवाहक विमान ‘सी-17 ग्लोबमास्टर’ राहत सामग्री लेकर बृहस्पतिवार को नेपाल रवाना होगा
वायुसेना का मालवाहक विमान ‘सी-17 ग्लोबमास्टर’ राहत सामग्री लेकर बृहस्पतिवार को नेपाल रवाना होगा
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई बाढ़ के मद्देनजर मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए राहत सामग्री लेकर भारतीय वायुसेना के मालवाहक विमान ‘सी-17 ग्लोबमास्टर’ के 27 अगस्त को नेपाल रवाना होने की उम्मीद है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक सूत्र ने बताया कि भारतीय वायुसेना का ‘सी-130जे’ मालवाहक विमान भी ‘‘तत्काल रवाना किए जाने के लिए तैयार है’’ और उसके बुधवार रात नेपाल के लिए रवाना होने की संभावना है।
यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका कि इस विमान से कौन-सी राहत सामग्री या कितने कर्मियों को नेपाल भेजा जाएगा।
दोनों विमानों का इस्तेमाल भारत पहले भी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित देशों में राहत सामग्री और कर्मियों को पहुंचाने के लिए करता रहा है। यह सरकार की मानवीय सहायता और आपदा राहत पहल का हिस्सा है।
सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘एक सी-130जे मालवाहक विमान को तैयार रखा गया है और उसके आज रात रवाना होने की उम्मीद है, जबकि राहत सामग्री लेकर सी-17 ग्लोबमास्टर के कल नेपाल के लिए रवाना होने की संभावना है।’’
तिब्बत की सीमा से लगे मध्य नेपाल के जिलों में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई जिसमें 46 लोगों की मौत हो गई और 105 भारतीयों समेत करीब 500 लोग लापता हैं। बाढ़ से शहरों और गांवों में तबाही हुई, पुल बह गए और कम से कम एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
भाषा शफीक संतोष
संतोष

Facebook


