पाकिस्तान ने फिर दुस्साहस किया तो ‘जो अब तक नहीं हुआ, वह होगा’ : राजनाथ
पाकिस्तान ने फिर दुस्साहस किया तो ‘जो अब तक नहीं हुआ, वह होगा’ : राजनाथ
जयपुर, 14 मई (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यदि उसने फिर से भारत की ओर नजर उठाने का दुस्साहस किया, तो “जो अब तक नहीं हुआ है, वह होकर रहेगा।”
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने नया इतिहास रचा है।
रक्षामंत्री ने नागौर जिले के मेड़ता कस्बे में राजपूत शासक राव दूदा की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने कहा, “संभव है कि पाकिस्तान अब जल्दी भारत की ओर नजर उठाने की जुर्रत न करे, लेकिन मैं आज इस धरती से कहकर जा रहा हूं कि यदि उसने फिर से ऐसा दुस्साहस किया, तो जो अब तक नहीं हुआ है, वह होकर रहेगा।”
सिंह ने कहा, “शुरू से ही हमारी नीति रही है कि हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन यदि कोई हमें छेड़ता है, तो हम उसे छोड़ते भी नहीं हैं।”
पहलगाम आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि आतंकवादियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर हत्या की।
रक्षा मंत्री ने कहा, “भारतीय संस्कृति जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव की अनुमति नहीं देती। हम इंसाफ और इंसानियत में विश्वास रखते हैं, लेकिन पाकिस्तान से आए आतंकवादी लोगों से उनका धर्म पूछकर उन्हें गोलियों से भून रहे थे।”
उन्होंने कहा, “पूरा देश इस घटना से आक्रोशित था। इसके बाद हमने ऐसा करारा जवाब दिया कि दुश्मन के होश उड़ गए। हमने साबित कर दिया कि अब भारत चुपचाप सहने वाला देश नहीं रहा। यदि कोई हमारे नागरिकों पर हमला करेगा, तो हम उसके घर में घुसकर जवाब देंगे। यह संदेश हम दे चुके हैं।”
सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी सुरक्षा नीति में ऐतिहासिक बदलाव किए हैं।
उन्होंने कहा, “हमने दुनिया को साफ संदेश दे दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति ‘कतई न बर्दाश्त करने’ की होगी और इसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने राजनीति शब्द के वास्तविक अर्थ और भाव को पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा, “राजनीति शब्द ‘राज’ और ‘नीति’ से मिलकर बना है। नीति का अर्थ समाज को सही दिशा में ले जाना होता है। ऐसा राजनीतिक तंत्र, जो समाज को सन्मार्ग की ओर ले जाए, वही वास्तविक राजनीति है।”
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राजनीति शब्द अपना मूल अर्थ खोता जा रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उनकी सरकार ने इसे पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया और उसमें सफलता प्राप्त की।
रक्षामंत्री ने कहा कि सरकार विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चल रही है।
उन्होंने कहा, “अपने जननायकों को याद करना, उन पर गर्व करना और उनकी शिक्षाओं को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।”
महिलाओं के सम्मान का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि यह केवल नारा नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की आत्मा है। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं का सम्मान नहीं होता, वह कभी प्रगति नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान से लेकर महिला सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने तक, हर स्तर पर महिलाओं को सशक्त करने के लिए काम कर रही है।
संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने संबंधी विधेयक का उल्लेख करते हुए सिंह ने कहा कि सरकार महिलाओं को उनका राजनीतिक अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “इस कार्य में समय लग सकता है, लेकिन हमारा संकल्प अटल है। दुनिया की कोई ताकत हमें रोक नहीं सकती। यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है।”
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


