रथ अगर मेरे निजी सहायक नहीं होते तो शायद उनकी हत्या नहीं होती : शुभेंदु अधिकारी

Ads

रथ अगर मेरे निजी सहायक नहीं होते तो शायद उनकी हत्या नहीं होती : शुभेंदु अधिकारी

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 05:40 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 05:40 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

कोलकाता, सात मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि चंद्रनाथ रथ अगर उनके निजी सहायक के तौर पर काम नहीं करते तो शायद उनकी हत्या नहीं होती। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी।

शुभेंदु ने आरोप लगाया कि रथ की हत्या में सुपारी लेकर हत्या करने वाले संलिप्त थे। उन्होंने दावा किया कि रथ की किसी से कोई राजनीतिक दुश्मनी नहीं थी।

रथ के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक स्थान पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर ले जाते समय शुभेंदु ने संवाददाताओं से कहा कि ‘‘भारतीय वायु सेना के पूर्व कर्मी रथ की हत्या मेरे साथ उनके संबंध के कारण हुई है’’।

शुभेंदु बारासात स्टेट जनरल अस्पताल में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे, जहां रथ के शव का पोस्टमार्टम किया गया।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘अगर भारतीय वायु सेना का पूर्व जवान मेरा निजी सहायक न होता और मैं भवानीपुर से चुनाव न जीता होता, तो शायद उसकी जान न जाती। उसकी एकमात्र गलती यह थी कि वह शुभेंदु अधिकारी का निजी सहायक था। उसकी जान लेने के लिए उस पर पांच गोलियां चलाई गईं।’’

भाजपा के पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अपराह्न करीब तीन बजे शव वाहन के चांदीपुर के लिए रवाना होने से पहले रथ को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम में बुधवार रात को रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

शुभेंदु ने मामले की जांच के बारे में बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)ने उन्हें सूचित किया है कि अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल घटनास्थल से लगभग चार किलोमीटर दूर बरामद की गई है।

उन्होंने अस्पताल से बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस काम कर रही है। मैंने डीजीपी से बात की, उनके पास कुछ सुराग हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुझे विश्वास है कि पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार कर लेगी। सीआईडी, फोरेंसिक और एसआईटी काम कर रही हैं और पुलिस सही दिशा में आगे बढ़ रही है।’’

शुभेंदु ने पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए दावा किया कि पुलिस मामलों को सुलझाने में सक्षम है, लेकिन पहले उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं थी।

भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस द्वारा मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग पर कहा , ‘‘अब तृणमूल की कोई प्रासंगिता नहीं है। पुलिस इस मामले को सुलझा लेगी।’’ उन्होंने पुलिस से हत्या में शामिल सभी लोगों की पहचान करने और उन्हें मृत्युदंड दिलाने का आग्रह किया।

रथ की मां ने हालांकि दोषियों को मृत्युदंड के बजाय आजीवन कारावास की मांग की, क्योंकि वह एक मां के दर्द को समझती थीं। वह पूर्वी मेदिनीपुर में भाजपा की कार्यकर्ता भी हैं।

शुभेंदु ने कहा कि पूर्वी मेदिनीपुर में भाजपा नेता रथ की पत्नी और बेटी के साथ खड़े रहेंगे।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा