जयपुर, सात मई (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कोटा इकाई ने बृहस्पतिवार को बूंदी जिले की केशवरायपाटन पंचायत समिति के ग्राम विकास अधिकारी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि मामले में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सखावदा ग्राम पंचायत के अधीन आने वाले गांवों में स्वच्छ भारत अभियान के तहत सफाई कार्य का ठेका लेकर कार्य करता है।सतवीर सिंह कुमावत
गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने साफ-सफाई के दो माह के बिल बनाकर ग्राम विकास अधिकारी सतवीर सिंह कुमावत को दिए थे और दोनों बिलों को मंजूरी मिल गई थी।
उन्होंने कहा कि लेकिन ग्राम विकास अधिकारी दोनों बिलों की राशि (1,50,377 रुपये) को मंजूरी देने, ‘सिक्योरिटी’ राशि वापस दिलवाने तथा पहले से जारी की गई अन्य निविदा के कार्य के एवज में 25,000 रुपये रिश्वत मांग रहा था।
गुप्ता ने बताया कि शिकायत पर एसीबी ने छह मई को गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें ग्राम विकास अधिकारी पर लगे आरोपों की पुष्टि हुई।
सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की, इस दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते समय गिरफ्तार कर लिया गया।
ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब