टीसीएस मामले की आरोपी को शरण देने वाले एआईएमआईएम नेता की संपत्तियों पर अवैध निर्माण ढहाया गया

Ads

टीसीएस मामले की आरोपी को शरण देने वाले एआईएमआईएम नेता की संपत्तियों पर अवैध निर्माण ढहाया गया

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 09:14 AM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 09:14 AM IST

छत्रपति संभाजीनगर, 13 मई (भाषा) छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने बुधवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पार्षद मतीन पटेल के आवास और अन्य संपत्तियों पर कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मतीन पटेल पर नासिक टीसीएस मामले की आरोपी निदा खान को शरण देने का आरोप है।

निदा खान को सात मई को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का दावा है कि एआईएमआईएम नेता मतीन पटेल ने उसे अपने यहां शरण दी थी।

नौ मई को छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने शहर के नारेगांव इलाके में स्थित पटेल की संपत्तियों पर कथित अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया था। नोटिस में उनसे 72 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था। इसमें कहा गया था कि यदि पटेल की ओर से जवाब नहीं दिया गया, तो महानगरपालिका संपत्ति के संबंध में निर्णय लेने के लिए अधिकृत होगी।

इसके बाद पटेल ने मामले में स्थगन आदेश के लिए अदालत का रुख किया, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली।

महापौर समीर राजुरकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि बुधवार सुबह महानगरपालिका के कर्मचारियों ने पुलिस सुरक्षा के बीच पटेल के घर, कार्यालय और कुछ दुकानों पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

इससे पहले मंगलवार रात पूर्व एआईएमआईएम सांसद इम्तियाज जलील ने नारेगांव में पटेल के परिवार से मुलाकात की और महानगपालिका पर कार्रवाई में जल्दबाजी करने का आरोप लगाते हुए इसकी आलोचना की।

समर्थकों को संबोधित करते हुए जलील ने कहा, ‘‘हमने अदालत से एक सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन महानगरपालिका निर्माण गिराने की जल्दी में है। यह हम सबके लिए कठिन समय है, लेकिन ध्वस्तीकरण के बाद हम मतीन और उसके परिवार के लिए ऐसा घर बनाएंगे, जिसे पूरा देश देखेगा।’’

महापौर राजुरकर ने सोमवार को कहा था कि पटेल की पार्षद सदस्यता रद्द करने की प्रक्रिया भी दस्तावेजों की जांच के बाद शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा था, ‘‘यदि पटेल ने अवैध काम किए हैं, तो उनकी नगर निगम सदस्यता रद्द होनी चाहिए। महाराष्ट्र नगर निगम अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई है, जिसमें स्पष्ट है कि नगर निकाय चुनाव के नामांकन पत्र में कोई जानकारी छिपाई नहीं जानी चाहिए।’’

निदा खान पर नासिक स्थित टीसीएस कार्यालय में कुछ महिला सहकर्मियों के कथित धार्मिक परिवर्तन और यौन उत्पीड़न से जुड़े आरोप हैं।

पटेल को भी निदा खान को शरण देने के मामले में आरोपी बनाया गया है।

नासिक पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) आईटी कंपनी की नासिक इकाई में छेड़छाड़ और उत्पीड़न के नौ मामलों की जांच कर रहा है।

टीसीएस ने स्पष्ट किया है कि कंपनी लंबे समय से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न और जबरदस्ती को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाए हुए है। कंपनी ने यह भी बताया कि नासिक कार्यालय में यौन उत्पीड़न के आरोपों में शामिल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।

भाषा गोला वैभव

वैभव