हिंदुओं पर शराबबंदी लागू करना गलत, तो गुजरात और बिहार ने ऐसा कैसे किया: इल्तिजा
हिंदुओं पर शराबबंदी लागू करना गलत, तो गुजरात और बिहार ने ऐसा कैसे किया: इल्तिजा
श्रीनगर, 11 मई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने सोमवार को कहा कि हिंदुओं को शराब पीने की कोई मनाही नहीं होने की वजह बताकर जम्मू कश्मीर में शराब पर प्रतिबंध लागू करने से मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का इनकार करना तर्कहीन है।
वह अब्दुल्ला के उस बयान पर टिप्पणी कर रही थीं जिसमें उन्होंने कहा था कि शराब की दुकानें उन लोगों के लिए हैं जिनके लिए इसका सेवन वर्जित नहीं है।
मुफ्ती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करके सवाल किया, ‘‘जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री द्वारा शराब की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने से इनकार करना तर्कहीन है। उनका (मुख्यमंत्री का) दावा है कि हिंदुओं के शराब सेवन पर प्रतिबंध लगाना गलत है क्योंकि उनका धर्म इसे वर्जित नहीं करता लेकिन अगर ऐसा है, तो गुजरात और बिहार जैसे हिंदू बहुल राज्यों ने बिना किसी विरोध के शराब पर सफलतापूर्वक प्रतिबंध कैसे लगा दिया?’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें जम्मू कश्मीर की धर्मनिरपेक्षता पर गर्व है, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा बहुसंख्यक लोगों की धार्मिक भावनाओं को इतनी उदासीनता से खारिज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और असंवेदनशील है।’’
गांदरबल में रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान अब्दुल्ला से जम्मू कश्मीर में शराबबंदी की मांग के बारे में पूछा गया था। मुख्यमंत्री ने जवाब दिया था कि उनकी सरकार किसी को भी शराब पीने के लिए मजबूर नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा था, ‘‘क्या कोई उन्हें शराब पीने के लिए मजबूर कर रहा है? आप अपनी मर्जी से शराब की दुकान पर जा रहे हैं। आप वहां क्यों जा रहे हैं? हम आपको वहां घसीटकर नहीं ले जा रहे हैं। हम इसका विज्ञापन नहीं कर रहे हैं।’’
भाषा यासिर अमित
अमित

Facebook


