मानपुर, 26 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार को नशे में धुत्त ट्रक चालक ने अपनी गाड़ी से एक बालिका को कुचलने के बाद भागने की कोशिश में पुलिस की बेरिकेंडिंग को भी रौंदते हुए निकल गया, जिससे कुछ पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लगभग 60 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद अंतत: घायल वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया में प्रसारित हुआ है।
जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल ने बताया कि आज सुबह राजनांदगांव-मानपुर मार्ग में अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के गुंडरदेही गांव में एक ट्रक ने 11 वर्षीय बालिका पुनम को कुचल दिया और तेज रफ्तार से मोहला की ओर बढ़ गया।
पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रक को रोकने के लिए मोहला थाने के ठीक सामने पुलिस ने बेरीकेड लगा दिये, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ट्रक चालक थाने के करीब खड़े एक अन्य ट्रक को अपनी गाड़ी से ठोकर मारते हुए पुलिस बेरीकेड तोड़कर मानपुर की ओर भाग गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ट्रक चालक के द्वारा पुलिस बेरिकेड को रौंदने के बाद पुलिस ने उसका पीछा किया तथा इसी बीच मानपुर थाने की पुलिस ने भी स्थानीय एसडीएम दफ्तर के सामने बेरीकेड लगाकर नाकेबंदी कर दी।
पटेल के अनुसार ट्रक जब वहां पहुंचा तब मौजूद पुलिस दल ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन ट्रक चालक ने यहां भी बेरीकेड पर ट्रक चढ़ा दी और बेरीकेड को घसीटते हुए मानपुर कस्बे में दाखिल हो गया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान वहां मौजूद पुलिस के अधिकारी और जवान बाल-बाल बचे।
पटेल ने बताया कि लगभग दो घंटे और 60 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जब ट्रक महाराष्ट्र की सीमा से छह किलोमीटर पहले कोरकोट्टी गांव के पास पहुंचा तब अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और तब पुलिस ने ट्रक को रोककर चालक को हिरासत में लिया।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में ट्रक चालक को चोट पहुंची है, उसे इलाज के लिए मानपुर अस्पताल ले जाया गया है।
इधर बालिका की मृत्यु के बाद गुंडरदेही गांव में नाराज ग्रामीणों ने बालिका का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इससे लगभग दो घंटे तक इस मार्ग पर आवागमन बंद रहा। बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समझाने पर ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बालिका के शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पूरे घटनाक्रम पर गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रक महाराष्ट्र के नागपुर की है। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं संजीव राजकुमार
राजकुमार