नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में रविवार दोपहर आठ अज्ञात बदमाशों के एक गिरोह ने कथित तौर पर एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और करीब नौ लाख रुपये नकद तथा आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोपहर करीब एक बजकर 18 मिनट पर एक व्यक्ति किसी मामले पर बातचीत करने के बहाने घर में गया। इसके कुछ ही देर बाद सात से आठ अज्ञात लोग घर में घुस गए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को कथित तौर पर बंधक बना लिया और करीब नौ लाख रुपये नकद तथा आभूषण लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि अपराह्न करीब 3:22 बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, पूर्वोत्तर दिल्ली के न्यू उस्मानपुर निवासी शिकायतकर्ता हरीश चंदर घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
उसने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और इस संबंध में न्यू उस्मानपुर थाने में मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष