केरलम में भाजपा और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सतीशन, चेन्निथला के काफिलों को काले झंडे दिखाए
केरलम में भाजपा और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सतीशन, चेन्निथला के काफिलों को काले झंडे दिखाए
कन्नूर, 28 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और इसके युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कन्नूर में केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और कोझिकोड में मंत्री रमेश चेन्निथला के काफिले को काले झंडे दिखाए।
यह कदम पिछले हफ्ते कोल्लम जिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के समय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए इसी तरह के विरोध-प्रदर्शन के जवाब में उठाया गया।
सतीशन विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए कन्नूर में हैं।
पुलिस ने बताया कि भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का एक समूह सड़क किनारे इकट्ठा हुआ और मट्टन्नूर से गुजर रहे मुख्यमंत्री के काफिले को रोकने की कोशिश की तथा उसे काले झंडे दिखाए।
हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को विरोध-प्रदर्शन की आशंका थी, इसलिए वह पहले से ही इलाके में मौजूद थी और उसने प्रदर्शनकारियों को सतीशन के काफिले को रोकने नहीं दिया।
टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में देखा जा सकता है कि महिला पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी में पुरुष सुरक्षा अधिकारियों को भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को रोकना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कन्नूर शहर और थाना इलाके में भी सतीशन के काफिले को काले झंडे दिखाने की कोशिश की।
खबरों के मुताबिक, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी है।
इस बीच, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कोझिकोड में मंत्री चेन्निथला के काफिले को काले झंडे दिखाए। यह घटना तब हुई, जब चेन्निथला मुथालाकुलम में कोझिकोड प्रेस क्लब की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे।
पुलिस ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया।
चेन्निथला ने कहा, “इसे गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। उन्हें विरोध करने दें। हर किसी को काले झंडे दिखाने की आजादी है और उन्हें ऐसा करने दें।”
यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ाई गई है, चेन्निथला ने कहा कि इसकी तुलना पिछले मुख्यमंत्री के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्था से नहीं की जा सकती।
युवा कांग्रेस के नेताओं ने 26 सितंबर को शाह के कोल्लम से कुंडरा जाते समय उनके काफिले के सामने काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किया था। शाह कोल्लम जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे।
शाह कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए कोल्लम पहुंचे थे।
रविवार को भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कोझिकोड और कोल्लम जिले में अलग-अलग जगहों पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा, केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला और पर्यटन मंत्री पीसी विष्णुनाध के काफिलों को भी काले झंडे दिखाए थे।
भाषा पारुल माधव
माधव

Facebook


