जम्मू में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, प्रमुख तीर्थ यात्राएं तीसरे दिन भी निलंबित

Ads

जम्मू में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, प्रमुख तीर्थ यात्राएं तीसरे दिन भी निलंबित

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 12:13 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 12:13 PM IST

जम्मू, 21 जुलाई (भाषा) जम्मू के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसके मद्देनजर प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, पुंछ, राजौरी और डोडा जिलों में रविवार से बारिश जनित घटनाओं में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है और सात अन्य लापता हैं। लगातार मूसलाधार बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ के खतरे को देखते हुए अमरनाथ यात्रा, वैष्णो देवी यात्रा, शिव खोरी यात्रा और मचैल माता यात्रा समेत सभी प्रमुख तीर्थ यात्राएं लगातार तीसरे दिन भी निलंबित रहीं।

अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में जिला प्रशासन, आपदा मोचन दल, पुलिस और अन्य एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं। साथ ही स्थिति की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।

तीर्थयात्रियों को सलाह दी गई है कि वे मौसम की स्थिति में सुधार होने और मार्गों को सुरक्षित घोषित किए जाने तक निर्धारित आश्रय स्थलों में ही रुकें।

बचाव दलों ने बारिश के बीच सबसे अधिक प्रभावित पुंछ और राजौरी जिलों में लापता सात लोगों की तलाश जारी रखी। इन इलाकों में पिछले तीन दिनों में बादल फटने, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा के आधार शिविर कटरा में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 107.1 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई।

इसी अवधि में पुंछ जिले में 61.5 मिमी, रियासी में 54.5 मिमी, राजौरी में 49 मिमी और जम्मू में 35 मिमी बारिश हुई।

भाषा प्रचेता शफीक

शफीक