काला सागर में मालवाहक पोत पर हमले में भारतीय नागरिक की मौत
काला सागर में मालवाहक पोत पर हमले में भारतीय नागरिक की मौत
नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) काला सागर में 18 जुलाई को एक मालवाहक पोत पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। यह पोत कथित तौर पर रूस के समुद्री सीमा क्षेत्र से गुजर रहा था। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि जब मालवाहक पोत ‘एमवी ओमोर्फी’ पर हमला उस वक्त हुआ जब उस पर तीन भारतीयों समेत चालक दल के 10 सदस्य मौजूद थे। इस घटना में एक भारतीय की मौत हो गई, जबकि दो अन्य सुरक्षित हैं।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “रूस स्थित भारतीय मिशन संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।”
मंत्रालय ने कहा कि भारत मालवाहक जहाजों को निशाना बनाए जाने और निर्दोष नागरिकों की जान जोखिम में डाले जाने वाले ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करता है। भारत ने सभी पक्षों से अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का पालन करने और समुद्री मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
वहीं यूक्रेन के तट पर एक वाणिज्यिक जहाज पर रूसी हमले में चार भारतीयों समेत 10 लोगों की मौत के कुछ दिनों बाद, भारत ने शुक्रवार को कहा कि जहाज में अनाज था। इस तरह भारत ने मास्को के उस दावे को लगभग खारिज कर दिया कि उसमें सैन्य साजोसामान था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक नियमित मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “भारत के नौवहन महानिदेशालय से मिली जानकारी के अनुसार, ओडेसा बंदरगाह पर हुई दुखद घटना में शामिल गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले वाणिज्यिक जहाज ‘एमवी गोल्डन लियो’ ने 19 जुलाई को रवाना होने से पहले कार्गो के तौर पर अनाज लोड किया था।”
वे रूस के दावे से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।
उन्होंने आगे कहा, “हम एक बार फिर दोहराते हैं कि वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों को किसी भी परिस्थिति में निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।”
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


