भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष बिहार में प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार छात्रों के परिजनों से मिले

भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष बिहार में प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार छात्रों के परिजनों से मिले

भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष बिहार में प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार छात्रों के परिजनों से मिले
Modified Date: August 2, 2026 / 04:57 pm IST
Published Date: August 2, 2026 4:57 pm IST

नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने बिहार के भागलपुर में 25 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद गिरफ्तार किए गए छात्रों के परिजनों से रविवार को मुलाकात की और हिरासत में मौजूद दो युवाओं को कानूनी और चिकित्सीय सहायता का भरोसा दिलाया।

छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस की कार्रवाई की जांच के लिए बनाई गई अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) की तथ्यान्वेषण समिति के हिस्से के तौर पर चिब ने भागलपुर का दौरा किया। इस दौरे के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने भागलपुर के पुलिस अधीक्षक और प्रभावित छात्रों के परिवारों से मुलाकात की।

कांग्रेस की युवा शाखा के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, चिब ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस टीम कई छात्रों के घरों पर पहुंचीं और गिरफ्तारियां कीं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल एक घर तक सीमित नहीं थी।

उन्होंने कहा, ‘‘कई युवा छात्र डर के कारण अपना घर छोड़ चुके हैं और उनके परिवारों को पता नहीं है कि वे कहां हैं। यह गंभीर चिंता का विषय है और इस पूरी घटना की जांच होनी चाहिए।’’

चिब ने बताया कि भागलपुर के पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में 42 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि इनमें से केवल दो छात्र न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि बाकी लोगों को जमानत मिल गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्राथमिकी में नामजद लोगों में से 14 नाबालिग थे और उन्हें पहले ही रिहा कर दिया गया था।

भारतीय युवा कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि संगठन जेल में बंद दो छात्रों को कानूनी और चिकित्सा सहायता दिलाने की कोशिश कर रहा है और एक छात्र के परिवार से मिलकर उन्हें मदद का भरोसा भी दिलाया गया है।

बिहार पुलिस ने चिब के दावों के जवाब में तत्काल कोई बयान नहीं जारी किया है।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में