भारत-अमेरिका व्यापार समझौता हमारे देश के हित में : लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता हमारे देश के हित में : लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता
जम्मू, सात फरवरी (भाषा) लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते से देश को लाभ होगा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को 2047 तक ‘विकसित भारत’ के अपने लक्ष्य पर अधिक ध्यान केंद्रित करने में मदद मिलेगी।
गुप्ता ने लद्दाख पर उच्चाधिकार समिति (एचपीसी) की हालिया बैठक के परिणाम को लेकर आशावादी रुख भी जाहिर किया। उन्होंने संकेत दिया कि अगले दौर की चर्चा अगले 20 दिनों के भीतर हो सकती है।
गुप्ता ने कहा कि वार्ता संविधान के दायरे में और राष्ट्रीय हित में आयोजित की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि हितधारकों के साथ बातचीत से सकारात्मक परिणाम हासिल होंगे।
लद्दाख पर उच्चाधिकार समिति (एचपीसी) की चार फरवरी को दिल्ली में आयोजित बैठक बेनतीजा रही थी, जिसमें केंद्र-शासित प्रदेश के दो प्रमुख समूहों-लेह एपेक्स बॉडी और करगिल डेमोक्रेटिक एलायंस (केडीए)-ने क्षेत्र को राज्य का दर्जा देने और उसे छठी अनुसूची में शामिल करने की अपनी मांग दोहराई थी।
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान दोनों समूहों ने जेल में बंद जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक और 70 अन्य कैदियों की रिहाई की भी मांग की थी।
वांगचुक को पिछले साल 26 सितंबर को कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) के तहत हिरासत में लिया गया था। उनके खिलाफ यह कार्रवाई लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शनों के दो दिन बाद की गई थी। सरकार ने वांगचुक पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया था।
गुप्ता ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “एचपीसी की बैठक ढाई घंटे से अधिक समय तक चली और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। मेरी जानकारी के अनुसार, अगले दौर की चर्चा अगले 20 दिनों के भीतर हो सकती है। यह वार्ता संविधान के दायरे में और राष्ट्रीय हित में हो रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि वार्ता सफल होगी।”
उपराज्यपाल ने वांगचुक की रिहाई की मांग पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह मामला उच्चतम न्यायालय के समक्ष है और वह ऐसे मुद्दे पर नहीं बोलेंगे, जो विचाराधीन है।
गुप्ता ने भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “भारत-अमेरिका व्यापार समझौता एक स्वागत योग्य कदम है, क्योंकि यह ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में हमारी मदद करेगा, किसानों सहित लोगों को लाभ पहुंचाएगा, रोजगार के अवसर पैदा करेगा और हमें एक बहुत बड़े बाजार तक पहुंच प्रदान करेगा।”
गुप्ता ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आतंकवादियों की ओर से एक मस्जिद पर किए गए बम हमले की निंदा भी की। उन्होंने कहा, “यह घटना पड़ोसी देश के लिए एक सबक है, जो दुनिया भर में आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है।”
भाषा
पारुल धीरज
धीरज

Facebook


