अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, कुछ जहाजों को पकड़ा गया : भारतीय तटरक्षक

अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, कुछ जहाजों को पकड़ा गया : भारतीय तटरक्षक

अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, कुछ जहाजों को पकड़ा गया : भारतीय तटरक्षक
Modified Date: February 7, 2026 / 01:24 pm IST
Published Date: February 7, 2026 1:24 pm IST

नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल ने शनिवार को कहा कि उसने मुंबई के तट से करीब 100 समुद्री मील पश्चिम में समुद्र के बीच एक अभियान के तहत एक अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इससे जुड़े कुछ जहाजों को पकड़ा है।

इसने कहा कि गिरोह में शामिल जहाजों ने ‘‘संघर्षरत देशों से बड़ी मात्रा में सस्ता तेल और तेल-आधारित सामान की तस्करी करने और अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मोटर टैंकरों को बीच समुद्र में स्थानांतरित करके मुनाफा कमाने का एक तरीका’’ निकाला था।

भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) ने एक बयान में कहा कि ‘डिजिटल सर्विलांस’ और बल की लगातार बढ़ती समुद्री मौजूदगी के साथ शुरू किया गया यह समुद्री अभियान एक बार फिर भारत को ‘‘समुद्री सुरक्षा देने वाले और अंतरराष्ट्रीय नियमों पर आधारित व्यवस्था को लागू करने वाले देश’’ के तौर पर स्थापित करता है।

तटरक्षक ने कहा, ‘‘पांच फरवरी को मुंबई से करीब 100 समुद्री मील पश्चिम में आईसीजी के जहाजों ने तीन जहाजों को रोका और लगातार तलाशी, संदिग्ध जहाजों की इलेक्ट्रॉनिक डेटा की पुष्टि, दस्तावेजों के सत्यापन और चालक दल से पूछताछ के ज़रिए भारतीय तटरक्षक की विशेष बोर्डिंग टीम ने घटनाओं की कड़ियों और अपराधियों के काम करने के तरीके का पता लगाया।’’

इसने बताया कि तटीय राज्यों की कानून प्रवर्तन कार्रवाई से बचने के लिए ये जहाज अक्सर अपनी पहचान बदलते पाए गए और शुरुआती जांच में पता चला है कि जहाज़ों के मालिक दूसरे देशों में रहते हैं।

बल ने कहा कि इस गिरोह में अलग-अलग देशों से काम करने वाले सरगनाओं का एक गिरोह शामिल है, जो समुद्री जहाजों के बीच बिक्री और सामान के आदान-प्रदान का समन्वय करते हैं।

आईसीजी ने कहा कि जहाजों को जांच के लिए मुंबई ले जाया जाएगा और कार्रवाई के लिए भारतीय सीमा शुल्क तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सौंप दिया जाएगा।

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में