अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम : एनडीएमसी क्षेत्र में पांच हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद

Ads

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम : एनडीएमसी क्षेत्र में पांच हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 08:02 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 08:02 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र के आठ प्रमुख स्थानों पर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में पांच हजार से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है और इसके लिए तैयारियां जोरों पर हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि लुटियन क्षेत्र में योग सत्र शांति पथ लॉन, लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, कर्तव्य पथ, न्यू मोती बाग, लक्ष्मीबाई नगर स्थित संजय झील, पंडारा पार्क और कनॉट प्लेस स्थित पालिका पार्क में आयोजित किए जाएंगे।

एनडीएमसी ने कहा कि ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ विषय पर आयोजित इस वार्षिक कार्यक्रम के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

योग सत्रों का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, गायत्री परिवार, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, ईशा योग केंद्र, योगगुरु संस्थान, मोक्षायतन योग संस्थान और अंतरराष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संगठन सहित विभिन्न संस्थाएं करेंगी।

बयान में कहा गया, “अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पहले आयोजित गतिविधियों के तहत एनडीएमसी 19 और 20 जून को तालकटोरा गार्डन और लोधी गार्डन में विशेष योग शिविरों का आयोजन भी कर रही है।”

बयान के अनुसार, एनडीएमसी की आयुष इकाइयां भी कार्यक्रम की तैयारियों के तहत विभिन्न स्थानों पर योग सत्र, जागरूकता कार्यक्रम और साझा योग प्रोटोकॉल अभ्यास आयोजित कर रही हैं।

अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में कई केंद्रीय मंत्रियों और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा के शांति पथ लॉन के कार्यक्रम में और जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी के लोधी गार्डन के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के बांसेरा पार्क में, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली सरकार के कार्यक्रम में शामिल होंगी।

केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के नेहरू पार्क, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पूसा में, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार के प्रगति मैदान में और पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव के राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया तथा युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

भाषा राखी अविनाश

अविनाश