जयपुर: कारखाने में टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की मौत
जयपुर: कारखाने में टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की मौत
जयपुर, 13 मार्च (भाषा) राजस्थान के बालोतरा में कपड़ा कारखाने के कीचड़ (स्लज) टैंक की सफाई करने उतरे तीन मजदूरों की कथित तौर पर जहरीली गैस के प्रभाव के कारण मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बालोतरा के उपखंड अधिकारी अशोक कुमार ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि मजदूरों की मौत जहरीली गैस के कारण हुई है। उन्हें बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतारा गया था।’
कुमार ने बताया कि हादसा औद्योगिक क्षेत्र में एक कपड़ा कारखाने में हुआ और मृतकों की पहचान बालोतरा के निवासियों गुमानाराम (25), विशंभर तिवारी (54) और श्रवण (32) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि टैंक में उतरे मजदूरों के बेहोश होने पर अन्य मजदूरों ने कारखाने के मालिक को घटना की जानकारी दी और उन तीनों को टैंक से बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि मजदूरों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी व पुलिस उपाधीक्षक समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब

Facebook


