जामिया के छात्रों ने परिसर में आरएसएस के ‘युवा कुंभ’ कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन किया

जामिया के छात्रों ने परिसर में आरएसएस के 'युवा कुंभ' कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन किया

जामिया के छात्रों ने परिसर में आरएसएस के ‘युवा कुंभ’ कार्यक्रम के खिलाफ प्रदर्शन किया
Modified Date: April 28, 2026 / 03:28 pm IST
Published Date: April 28, 2026 3:28 pm IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम के विरोध में जामिया मिलिया इस्लामिया में मंगलवार को प्रदर्शन किया गया।

‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ (आइसा), ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’ और अन्य वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े 50 से अधिक छात्रों ने नारे लगाते हुए कहा, ‘जामिया में आरएसएस का कोई स्थान नहीं है।’

प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

विरोध प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘आरएसएस अपने मुख्य अतिथि को कई प्रवेश द्वारों में से किसी एक से सभागार के अंदर ले जाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन हम सभागार के ठीक बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। फिलहाल, विश्वविद्यालय की ‘प्रॉक्टोरियल टीम’ यहां मौजूद है।’

आरएसएस का यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘युवा कुंभ’ का हिस्सा है। यह प्रदर्शन जामिया की एसएफआई इकाई द्वारा कार्यक्रम पर आपत्ति जताने और इसे ‘प्रत्यक्ष उकसावा’ करार देने के एक दिन बाद हुआ है।

एसएफआई ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘हजारों अल्पसंख्यक छात्रों वाले परिसर में इसके (आरएसएस) 100 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित करना एक प्रत्यक्ष उकसावा और उसकी गरिमा व सुरक्षा पर हमला है।’

इस बीच, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली विश्वविद्यालय के 12 से अधिक कॉलेज परिसरों में ‘युवा कुंभ’ कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर इसी तरह के प्रदर्शन के कुछ महीनों बाद हुआ है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में